झुंझुनूंः कार द्वारा अचानक यू-टर्न लेना एक युवक की मौत का कारण बन गया। शराब लेने के लिए कार सवार ने हाईवे पर अचानक यू-टर्न ले लिया। इस दौरान पीछे से आई बाइक कार से टकरा गई। भिड़ंत के बाद बाइक पर बैठे 2 युवक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी देते थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि इंद्रपुरा से गुजर रहे स्टेट हाईवे पर शराब की दुकान है। वहां से गुजर रहे एक कार सवार ने शराब खरीदने के लिए अचानक यू-टर्न ले लिया। इसी दौरान पीछे से बाइक पर मामराज सैनी (27) और बृजमोहन (21) आ रहे थे। कार के अचानक यू-टर्न लेने पर मामराज बाइक को कंट्रोल नहीं कर पाया और कार से टकरा गया। टक्कर लगते ही दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में मामराज सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी बृजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। बृजमोहन को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है। हादसे के बाद दोनों कार सवार गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी और दोनों युवकों को हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद मामराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि बृजमोहन को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर 1 कार को जब्त कर लिया है। दूसरी कार की पहचान भी हो चुकी है, उसे भी जब्त कर लिया जाएगा। आगे की जांच जारी है।
