बटाला: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ऐतिहासिक शहर बटाला के कायाकल्प के लिए 177 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं के तहत नगर निगम द्वारा 95.72 करोड़ रुपये, मंडी बोर्ड द्वारा 16.05 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग द्वारा 65.09 करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा सड़क नवीनीकरण के लिए भी अतिरिक्त बजट निर्धारित किया गया है, जबकि शहर में चार नए पुलों के निर्माण और नई पुलिस लाइन के लिए 14.81 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक पंजाब के विकास को रोके रखा और जनता के हितों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पारदर्शी और जवाबदेह शासन के साथ जनता की भलाई के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार और माफिया संस्कृति पर सख्त कार्रवाई करते हुए राज्य में विकास की नई दिशा तय की है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि लाखों परिवारों को मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य योजनाओं के तहत कैशलेस इलाज और रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि बटाला सहित पूरे पंजाब में विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
