पटियाला: पंजाब में विजिलेंस की टीम द्वारा लगातार कई पूर्व मंत्रियों सहित विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं अब पटियाला से कांग्रेस के विधायक रह चुके पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर पर विजिलेंस की टीम ने शिकंजा कसा है। मिली जानकारी के मुताबिक विजीलेंस की टीम ने मदन लाल जलालपुर के घर पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक पर अधिक संपत्ती के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा राजपुरा आईटी पार्क में फर्जी काश्तकारों को दिए गए मुआवजे की भी जांच की जा रही है। विजिलेंस टीम के साथ मोहाली के तकनीकी एक्सपर्ट्स ने मदन लाल की जलालपुर स्थित कोठी की पैमाइश की। हालांकि मौके पर पहुंचे जांच टीम के अधिकारियों द्वारा किसी जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया। गौरतलब है कि मदन लाल जलालपुर बीती 10 जनवरी को ही ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटे हैं। इसके बाद वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए। हालांकि इस संबंध में मदन लाल की ओर से भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।