चंडीगढ़: किसानों और गन्ना उत्पादकों तक पहुंच बनाते हुए पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने आज भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने यूनियन को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने गन्ने का राज्य सहमत मूल्य (एसएपी) 416 रुपये से बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस प्रकार इसमें 15 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जो देश में सर्वाधिक है।
पंजाब सिविल सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों और मुद्दों को सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए सरदार खुड्डियां ने भरोसा दिलाया कि उनकी प्रत्येक जायज मांग पर पूरी गंभीरता से विचार किया जाएगा और नियमों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में विचार किए गए मुद्दों के समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं और इनका निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसान संगठनों के साथ निरंतर बातचीत और निकट सहयोग के माध्यम से किसानों के हितों की रक्षा करने में पूरा विश्वास रखती है।
स.खुड्डियां ने दोहराया कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों और गन्ना उत्पादकों के कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रत्येक जायज मांग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके हितों की रक्षा और खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।

