मैनपुरीः सदर तहसील के प्रशासनिक भवन में एक बाहरी व्यक्ति का महिला के साथ बंद कमरे में मौजूद होने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसके बाद तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में खाकी वर्दी पहने एक जवान की मौजूदगी में अधेड़ उम्र का व्यक्ति महिला के साथ कमरे में दिखाई दे रहा है। कमरे के बाहर कमरा संख्या 21 और लेखपाल क्षेत्र संसारपुर लिखा है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान विजय शर्मा के रूप में बताई जा रही है, जो संसारपुर का रहने वाला है। हालांकि, महिला की पहचान और उसके तहसील पहुंचने की वजह अभी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी सरकारी कर्मचारी ने ही बनाया था। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित लेखपाल को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित तहसीलदार प्रकाश चौधरी ने बताया कि मामले में तीन लोगों को नोटिस दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि यह मामला कल ही उनके संज्ञान में आया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह वीडियो करीब एक-दो महीने पुराना है और किसी रविवार (संडे) के दिन का है। इस दिन एक लेखपाल का कमरा खुला हुआ था।
अधिकारी ने किया स्पष्ट, निम्नलिखित बिंदुओं पर की जा रही जांच
- रविवार के दिन लेखपाल का कमरा किस कारण से खुला था और कमरे की चाबी उस निजी व्यक्ति के पास कैसे पहुंची?
- वह महिला किस काम से वहां आई थी और संबंधित व्यक्ति वहां क्या कर रहा था?
- यह वीडियो किसने बनाया, कमरे में बाहर से ताला किसने लगाया और दो महीने बाद इसे इस तरह सनसनीखेज तरीके से वायरल करने के पीछे क्या मकसद है?
तहसीलदार की रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
एसडीएम ने बताया कि इस पूरे प्रकरण से जुड़े करीब 5 लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। तहसीलदार के स्तर से प्राथमिक जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नायब नाजिर को भी नोटिस जारी कर यह पूछा गया है कि संबंधित लेखपाल को तहसील परिसर में कमरा किस आधार पर आवंटित किया गया था।
दलाली के आरोपों और निजी कर्मचारियों पर दी सफाई
मीडिया द्वारा ‘विजय शर्मा’ नामक व्यक्ति के लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहने और दलाली करने के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि यह नाम उनके संज्ञान में पहली बार आया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि कोई भी व्यक्ति तहसील परिसर में दलाली जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो तथ्य सामने आते ही उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं, तहसील में निजी (प्राइवेट) कर्मचारियों की मौजूदगी के सवाल पर अधिकारी ने स्पष्ट किया कि तहसील कार्यालय में कोई भी निजी कर्मचारी तैनात नहीं है; यहां केवल सरकारी या संविदा कर्मचारी ही कार्यरत हैं।

