लुधियानाः थाना दरेसी के इलाके जसवंत नगर की बिंद्रा कॉलोनी में देर रात दो दोस्तों पर कुछ बदमाशों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो दोनों युवक खून से लथपथ हालत में गली में पड़े मिले। लोगों ने उन्हें तुरंत सीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हनी बांसल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त पवन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इलाका निवासी नगिंद्रा ने बताया कि मोहल्ले के लोग अपने घरों में सो रहे थे।
अचानक शोर मचा कि किसी व्यक्ति का कत्ल कर दिया गया है। इलाके में गोली चलने की भी चर्चा होने लगी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि 6 से 7 हमलावर दोनों युवकों पर हमला करने के बाद गलियों से फरार हो चुके थे। दोनों युवक खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इलाका निवासी राकेश कुमार ने बताया कि हनी बांसल को वारदात से पहले दोपहर के समय धमकी मिली थी। सोशल मीडिया के कुछ ग्रुपों में संदेश डाले गए थे कि हनी बांसल को मार देंगे और उसका मर्डर कर दिया जाएगा।
राकेश के मुताबिक, हैबोवाल इलाके के कुछ लोगों के साथ हनी की पुरानी रंजिश चल रही थी। हनी और पवन दोनों काफी करीबी दोस्त थे। राकेश ने बताया कि अस्पताल में हनी की ईसीजी की गई तो उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, पवन अस्पताल पहुंचने के समय होश में था और अपनी मां को याद कर रहा था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सुखविंदर ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की रंजिश के पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

