जालंधर, ENS: मालेरकोटला में आनलाइन फूड डिलिवरी ब्लिंकिट कंपनी से सुअर के मांस की डिलिवरी को लेकर हंगामा हो गया। सामाजिक कार्यकर्ता वसीन शेख ने कुछ लोगों के साथ मिलकर खुद इसका स्टिंग किया। आनलाइन फूड डिलिवरी कंपनी से मांस का आर्डर किया जो तुरंत मिल गया। जैसे ही डिलवरी बॉय आर्डर लेकर पहुंचा तो वसीम खान ने उससे पूछा कि कहां से लाए हैं तो उसने कहा कि मलेरकोटला से ही मिला है। इस पर लोगों ने एतराज जताया और सिटी एसएसओ को मौके पर बुलाकर बताया। पुलिस ने लोगों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फूड डिलवरी कंपनी या किसी के स्टोर पर सीधे छापा मारने के लिए उनके पास अधिकार नहीं है।
इसके लिए जरूरी परमिशन लेने के बाद फूड डिपार्टमेंट के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने बताया कि मलेरकोटला में सुअर और गौ मांस पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके कुछ लोग चोरी छिपे डिलवरी कर रहे हैं। हालांकि खुलेआम यहां पर कोई भी मांस नहीं बेचता लेकिन चोरी से आनलाइन डिलवरी कर रहे हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। अगर कार्रवाई न हुई तो पूरे शहर में जाम लगा दिया जाएगा। ब्लिंकिट से पोर्क (सुअर का मांस) की सप्लाई होने के बाद लोगों और खुद को समाज सेवक बताने वाले वसीम शेख ने दावा किया कि शहर में प्रतिबंध के बावजूद ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए यह सामान मंगाया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
लोगों ने एकजुट होकर कंपनी व संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो शहर जाम कर बड़ा धरना दिया जाएगा। वसीम शेख ने दावा किया कि उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर कर सामान मंगवाया और डिलीवरी के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और फोन पर जानकारी साझा की गई।
वसीम ने कहा कि उनके शहर में कई लोग चोरी से सुअर के मांस की डिलीवरी कर मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। ये सेंसेटिव मामला है और पुलिस को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। हंगामा होने के बाद मलेरकोटला के थाने से पहुंची महिला एसएचओ ने लोगों को थाने आकर कंपलेंट करने को कहा लेकिन लोगों ने थाने जाने से मना कर दिया। इस पर पुलिस के साथ कुछ देर तक बहस भी हुई। इस पर महिला एसएचओ ने मौके पर आईओ को बुलाया और लोगों की शिकायत ली। एसएचओ ने कहा कि उनके पास सीधे किसी भी कंपनी या स्टोर पर रेड करने के अधिकार नहीं है। संबंधित विभागों के सहयोग से पुलिस कार्रवाई करेगी।

