मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मां ने अपनी ही दो मासूम बेटियों की गला घोंटकर हत्या कर दी है। मृतक बच्चियों की उम्र 13 और 11 साल बताई जा रही है। आरोप है कि पति के रात में घर नहीं लौटने से नाराज महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं उसने अपनी तीसरी बेटी की भी जान लेने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकली और उसकी जान बच गई।
घटना पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेमुआपुर गांव की है। एक ही घर में दो सगी बहनों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआत में बच्चियों की मौत संदिग्ध मानी जा रही थी। उनके मुंह से झाग निकलने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने जहर दिए जाने समेत अन्य पहलुओं से जांच शुरू की।
दो बच्चियों की मौत की सूचना मिलते ही डुमरियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच के दौरान बच्चियों की मां घर से गायब मिली, जबकि पुलिस ने उनके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच आगे बढ़ने के साथ ही शक की सुई बच्चियों की मां की ओर घूम गई। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियों की गला घोंटकर हत्या की गई थी। आरोप है कि महिला ने तीसरी बेटी को भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागने में सफल रही।
मोतिहारी के प्रभारी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

