चंडीगढ़: हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। बाबा साहब अम्बेडकर भवन का निर्माण भी इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण कदम है। इस भवन में समाज के कार्यक्रम, बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन और बच्चों की शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे समाज में एकता और भाईचारा और मजबूत होगा।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मंगलवार को कुरुक्षेत्र के गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता (पूर्व विधायक) एवं , अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. बंताराम वाल्मीकि ने की।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार दिया। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और कहा कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो – यही बाबा साहब का मूल मंत्र था। प्रदेश सरकार बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

