चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के स्तर पर काम करें। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार हो।
बैठक में पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें। चौक-चौराहों पर साफ-सफाई, हरियाली, उचित लाइटिंग और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।

