चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला, संस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए युवाओं की प्रतिभा को पहचान कर उसे निखारने की बड़ी जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा बुधवार को कैथल में हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।महीपाल ढांडा ने कहा कि भारत के पास सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है। यदि इस युवा शक्ति को कौशलयुक्त बनाकर उसकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप अवसर प्रदान किए जाएं तो भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है।

