चण्डीगढ़: देश को एक्सपोर्ट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरी तरह संकल्पित हैं। इसी संकल्प की एक सशक्त तस्वीर दिल्ली के प्रगति मैदान में लगे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिल रही है, जहां पहली बार हरियाणा पवेलियन में विशेष एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाया गया है।
यह कॉर्नर केवल प्रदर्शनी का एक हिस्सा नहीं, बल्कि हरियाणा के उद्यमियों के हुनर और दुनिया के बाजारों के बीच एक सीधा पुल है। यहां प्रदेश से विदेशों में भेजे जाने वाले उत्पादों को सजाकर प्रदर्शित किया गया है, ताकि मेले में आने वाले हर आगंतुक को यह अहसास हो कि हरियाणा में बना सामान आज सात समंदर पार तक अपनी पहचान बना रहा है।
उपनिदेशक रमनदीप ने बताया कि एक्सपोर्ट कॉर्नर में हरियाणा की विविध औद्योगिक क्षमता की झलक देखने को मिल रही है। यहां कॉपर उत्पाद, रेडीमेड गारमेंट, पेपर टैग, फुटबॉल, लैदर जैकेट, योगा मैट, वॉल माउंट फ्रेम, मेडिकल किट, बिल्डिंग वायर, नीम प्रोडक्ट, इलेक्ट्रिक स्विच और फ्लोरिंग आइटम सहित अनेक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों की सूची अपने आप में हरियाणा की बहुआयामी औद्योगिक पहचान को बयां करती है। एक ओर खेल के मैदान में काम आने वाली फुटबॉल और फिटनेस के लिए योगा मैट हैं, तो दूसरी ओर घर और निर्माण क्षेत्र से जुड़े बिल्डिंग वायर, इलेक्ट्रिक स्विच और फ्लोरिंग आइटम।
