चंडीगढ़: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सचिवालय पलवल के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल 16 परिवादों को सुनवाई के लिए रखा गया, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने शिकायते सुनने के दौरान आदेश किए कि कार्यालयों में बॉयोमैट्रिक तरीके से हाजरी लगाना सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शेष शिकायतों का भी निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गांव धमाका निवासी नवल सिंह की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम पलवल, डीएसपी होडल सहित ग्रीवेंस कमेटी के दो सदस्यों की कमेटी गठित कर मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
