जालनाः महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर-जालना महामार्ग पर सुबह यात्रियों से भरी एक ट्रैवल्स बस पुल से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के वक्त बस में यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में एक पुरुष यात्री की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद बस में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस को उसके शीशे तक तोड़ने पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही चिकलठाणा पुलिस मौके पर पहुंची।
बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। पुलिसकर्मियों ने शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय ट्रैवल्स बस में 26 यात्री सवार थे। इनमें 14 पुरुष, 9 महिलाएं और 2 छोटे बच्चे शामिल थे। दुर्घटना में एक पुरुष यात्री की जान चली गई। वहीं, एक अन्य पुरुष यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बस के पुल से नीचे गिरने के बाद छत्रपति संभाजीनगर-जालना महामार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर एकतरफा यातायात शुरू कराया। वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया, ताकि हाईवे पर जाम की स्थिति न बने। इसके बाद दो क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवल्स बस को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने खुद सड़क पर उतरकर वहां बिखरा कचरा साफ किया। साथ ही, सड़क किनारे लगी टूटी सुरक्षा रेलिंग का मलबा हटाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराया गया।
