उधर, केमिस्ट शॉप पर फायरिंग केस में 3 गिरफ्तार
अमृतसरः पुलिस ने मैड संधू हत्याकांड का मुख्य शूटर दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इसी के साथ केमिस्ट शॉप पर फायरिंग और रंगदारी मामले में 3 आरोपियों गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने इस संबंध में जानकारी साझा की। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मैड संधू हत्याकांड के मुख्य शूटर दीपक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
ऐसे में अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर अमृतसर लाया जाएगा, जिससे पूछताछ के दौरान हत्या से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। इसके अलावा शिवाला मंदिर के पास केमिस्ट की दुकान पर गोली चलाने और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने 3 मुख्य आरोपियों रोहित, कमलजीत सिंह और संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पिस्तौल, कारतूस और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान इन आरोपियों के पाकिस्तान से जुड़े होने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी किसी पुलिस प्रतिष्ठान को भी निशाना बनाने की फिराक में थे। इसी तरह छावनी क्षेत्र से भी कुछ अन्य लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मलकीत सिंह, मीता, सुखदेव सिंह और सुख करदीप सिंह कालू के नाम सामने रखे हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों पर जल्द काबू पाने के लिए ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
