अंतिम संस्कार की तारीख आगे बढ़ने की संभावना
अमृतसरः खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की अंतरिम जमानत (पैरोल) की तारीख बदलने संबंधी रिव्यू याचिका आज दायर नहीं हो सकी। पैरोल की तारीखों में संशोधन करवाने के लिए वकीलों की टीम सुबह से ही अलग-अलग जजों के आवास पर पहुंचती रही। जानकारी के अनुसार, करीब 3 से 4 जजों के घर जाने के बावजूद वकीलों की मुलाकात नहीं हो सकी। वकीलों का कहना है कि माननीय जजों की ओर से इस मामले की सुनवाई के लिए समय नहीं दिया जा रहा है।
इस संबंध में सांसद अमृतपाल सिंह के वकील करमवीर सिंह पन्नू ने विशेष बातचीत करते हुए बताया कि वे कल से ही पैरोल को लेकर रिव्यू याचिका दायर करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन न तो कल और न ही आज जज साहब की ओर से समय मिल सका। वकील पन्नू ने स्पष्ट किया कि आज 20, 21 और 22 नवंबर की पैरोल के लिए याचिका डाली जानी थी, जो समय न मिलने के कारण संभव नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि अब पारिवारिक सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करने के उपरांत सोमवार को नई तारीखों के साथ फिर से फ्रेश (नई) याचिका दायर की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह की पैरोल के लिए भी याचिका डाली जाएगी। वकील के अनुसार, याचिका दायर होने में हो रही इस देरी के कारण अब अंतिम संस्कार की तारीखें भी आगे बढ़ सकती हैं।
