चंडीगढ़: प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शनिवार को हांसी के राजकीय महाविद्यालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना, जिनमें से विभिन्न विभागों से संबंधित 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और गंभीरता दिखाएं तथा प्रत्येक शिकायत की तह तक पहुंचकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
बैठक में विधायक विनोद भयाना ने भी विभिन्न शिकायतों और क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा। शिक्षा मंत्री ने बैठक में प्रस्तुत अन्य शिकायतों को भी ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
