नई दिल्लीः दिवाली का त्योहार आने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन शेयर बाजार में ‘धमाका’ आज से ही शुरू हो गया है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बावजूद भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1 फीसदी की बढ़त के साथ खुले।
सेंसेक्स (BSE Sensex) सुबह के शुरुआती कारोबार में 1,014 से ज्यादा अंकों (1.36%) की छलांग लगाकर 75,473 के पार पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 (NIFTY 50) भी करीब 274 अंकों (1.19%) की बढ़त के साथ 23,327 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
आज की इस तूफानी तेजी में सबसे बड़ा रोल एनर्जी सेक्टर्स का रहा। निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा का बंपर उछाल देखने को मिला। इसके अलावा ऑटो और आईटी शेयरों ने भी बाजार को मजबूती दी. निफ्टी ऑटो में 0.77 फीसदी और निफ्टी आईटी में 0.51 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने भी भारतीय बाजार को सहारा दिया। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 3 फीसदी गिरकर 109.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी क्रूड (WTI) भी 3 फीसदी टूटकर 100.81 डॉलर पर आ गया।
