जालंधर: मकसूदां के नंदनपुर रोड पर रहने वाले नरिंदर के बेटे ओमबीर की मौत के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एसीपी करनैल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी महीने की 20 तारीख को ओमबीर की मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की थी।
ओमबीर की मौत के बाद उसके परिवार के सदस्य और इलाके के कुछ लोग पुलिस थाना डिवीजन नंबर-1 पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें ओमबीर के मोबाइल फोन में एक सुसाइड नोट मिला है। इसके बाद परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई की। पुलिस ने अब थाना डिवीजन नंबर-1 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एसीपी करनैल सिंह ने बताया कि मामले में नामजद लोगों के खिलाफ गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले से जुड़े सभी सबूत इकट्ठा करेगी और हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।