मानसाः एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या करने वाले केमिस्ट अश्विनी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने मंगलवार को फेसबुक लाइव के दौरान झोटा को 3 गोलियां मारी थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अश्विनी को राजस्थान के सालासर से पकड़ा गया है। मानसा प्रशासन आरोपी अश्विनी के घर को बुलडोजर से गिरा दिया है। पुलिस फोर्स की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।
मेडिकल स्टोर भी तोड़ दिया। इसमें लोगों ने तोड़फोड़ कर आग भी लगा दी। झोटा की हत्या से गुस्साए सिख संगठनों ने आज मानसा में बाजार बंद करा दिए। परिजन अंतिम संस्कार न करने पर अड़े हुए हैं। उनकी मांग है कि मामले की जांच CBI करे और DGP गौरव यादव इस्तीफा दें। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने मामले का संज्ञान लेते हुए चीफ सेक्रेटरी और DGP से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने मानसा प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे पूर्व CM व सांसद चरणजीत चन्नी, अकाली दल वारिस पंजाब दे के नेता मनप्रीत अयाली और पूर्व कांग्रेस MLA किक्की ढिल्लों को रोक दिया।
