जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ अभियान के तहत जालंधर पुलिस ने गढ़ा इलाके में CASO ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध नशा तस्करों की सूची तैयार कर उनके घरों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इलाके में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
पुलिस टीमों ने संदिग्ध नशा तस्करों के घरों में दाखिल होकर बेड, रसोई और अन्य स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इसके अलावा घरों के बाहर पड़े संदिग्ध सामान की भी जांच की गई। पुलिस का उद्देश्य उन स्थानों की जांच करना था, जहां नशीले पदार्थ छिपाए जाने की आशंका थी। यह अभियान पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह की अगुवाई में चलाया गया।
इसके लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्धों के घरों और ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य इलाके में नशे के कारोबार पर लगाम लगाना और नशा तस्करी में शामिल संदिग्धों पर नजर रखना है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या ऐसा कोई गैरकानूनी काम करता है, जिससे लोगों को नुकसान पहुंच सकता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एडीसीपी माधवी शर्मा ने कहाकि युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम को लेकर पुलिस कमिशनर सतिंदर की अगुवाई में शहर के 17 जगहों पर दबिश दी गई है। वहीं गढ़ा में चलाए गए कॉसो ऑपरेशन के दौरान 4 नौजवानों को राउंडअप किया गया। दोषियों से नशीला पदार्थ बरामद हुआ है और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। वहीं अन्य जगहों पर भी संदिग्ध को काबू किया गया है। एडीसीपी ने लोगों से तस्करों को लेकर सूचना देने की अपील की। माधवी शर्मा ने कहाकि लोगों की सूचना गुप्त रखी जाएगी। इसका उद्देश्य पंजाब को नशा मुक्त करना है।
