चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाली एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आपसी समन्वय, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं, शहरों के सौंदर्यीकरण और मेहमाननवाजी पर ध्यान केंद्रित करते हुए सभी विभागों को विश्वस्तरीय प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए राज्यस्तरीय ट्रॉफी टूर और विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी का आह्वान भी किया।

चैंपियंस ट्रॉफी के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन पंजाब के खेल इतिहास में नया मील का पत्थर स्थापित करे।” उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों तथा आने वाले मेहमानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब अपनी समृद्ध हॉकी विरासत और भारतीय खेलों में महान योगदान के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। हमें अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के आयोजन में नए कीर्तिमान स्थापित करने चाहिए और भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों तथा मेहमानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करनी चाहिए।”
