शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू शिमला जिला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात् रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम गांव काशा पाट पहुंचे। उन्होंने गांव में रात्रि प्रवास किया और पाट निवासी सुपन दास के घर रात्रि विश्राम किया।

मुख्यमंत्री का काशा पाट पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित करने के साथ पारंपरिक वेशभूषा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। देर रात तक ग्रामीणों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनका मुख्यमंत्री ने आनंद लिया और स्वयं भी नाटी में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बच्चियों के उत्साहवर्धन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान नशा निवारण और भ्रूण हत्या जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूकता प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
