लुधियानाः पीएयू थाना इलाके के अंतर्गत सुखदेव एन्क्लेव में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने बीच सड़क पर बाप-बेटे का रास्ता रोक कर उन पर हमला कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर पिस्टल लोड करते हुए और बचाव करने आए युवक के सिर पर हथियार से वार करते हुए नजर आ रहा है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सुखदेव एन्क्लेव निवासी 57 वर्षीय चरनजीत सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह अपने बड़े बेटे पवन कुमार के साथ एक्टिवा पर थाने से एक शिकायत की पड़ताल करवा कर लौट रहे थे। जब वे अपने घर के कुछ पीछे थे तभी सुखदेव एन्क्लेव के ही रहने वाले मनदीप सिंह उर्फ हनी ने उनकी एक्टिवा के आगे आकर उन्हें घेर लिया। मनदीप ने पवन कुमार को नीचे गिरा दिया और उसके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट होती देख चरनजीत का छोटा बेटा साजन भतीजा भरत कुमार और उनका दोस्त परमजीत सिंह भी गाड़ी से मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान आरोपी मनदीप ने अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली और पवन पर तान कर उसे कॉक (लोड) कर लिया। जब छोटे बेटे साजन ने उसे ऐसा करने से रोका, तो मनदीप ने पिस्टल का मट्ठा (पीछे का हिस्सा) साजन के सिर पर दे मारा।
जब भतीजे भरत कुमार ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी पिस्टल तान दी। शोर मचने पर आरोपी गालियां और जान से मारने की धमकियां देता हुआ मौके से भाग निकला। सिर में गहरी चोट लगने के कारण साजन का काफी खून बहने लगा, जिसके बाद पवन उसे इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल लुधियाना ले गया जहाँ उसे इलाज में सिर पर 5 टाँके लागे।
इस पूरे विवाद की जड़ एक पुरानी शिकायत बताई जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 3-4 दिन पहले उनके बेटे पवन ने थाने में मनदीप के खिलाफ उनके कोठे (छत) से जंगला चोरी करने की शिकायत दी थी। इसी बात से मनदीप खुन्नस में था। वह थाने तो नहीं गया लेकिन जब बाप-बेटे थाने से वापस आ रहे थे तो उसने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पीएयू पुलिस ने 2 अक्टूबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 296, 351(2) और आर्म्स एक्ट (Arms Act 1959) की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
