पठानकोटः सरकारी स्कूल में देर रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सुबह जब सफाई कर्मचारी स्कूल पहुंचे, तो स्कूल के मुख्य कमरों और लैब के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा हुआ था। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को दी। मामले की जानकारी देते हुए स्कूल इंचार्ज विवेक गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे सफाई कर्मचारियों ने फोन पर उन्हें घटना की सूचना दी।
जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन काट दिए ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने दो वाटर कूलरों के नल, बाथरूम के वॉशबेसिन और नल तोड़कर चुरा लिए। इसके अलावा साइंस लैब का ताला तोड़कर वहां की सारी बिजली की वायरिंग काट दी गई और तारें चोरी कर ली गईं।
विवेक गुप्ता के अनुसार, इस चोरी की वारदात से स्कूल का लगभग 15 से 20 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच में एक संदिग्ध की धुंधली फुटेज सामने आई है। घटना की लिखित शिकायत पुलिस प्रशासन को दे दी गई है। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सरकारी संस्थानों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों पर नकेल कसी जाए तथा दोषियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।