पठानकोटः सुजानपुर के गांव छोटेपुर में नहर से नौजवान का शव बीते दिन बरामद हुआ था। घटना को लेकर परिवार वालों ने कत्ल की आशंका जताते हुए बताया कि युवक को तीन लड़के घर से काम के लिए लेकर गए थे, जिसके बाद वो घर वापस न आया उसका सामान जरूर नहर के किनारे पड़ा मिला। आज हिंदू रीति-रिवाज से उसका संस्कार किया गया।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व डिप्टी स्पीकर और विधायक दिनेश सिंह बब्बू विशेष रूप से पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ दुख साझा किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पंजाब में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अनगिनत युवा युवकों की मौत नशे के कारण हुई है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि मृतक युवक के परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो वे गांव के लोगों के साथ मिलकर थाना सुजानपुर का घेराव करेंगे और सड़क जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द से जल्द दोषियों को पकड़कर जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।