ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के निर्देशों के अनुपालन में त्रिवेणी कला संगम, हमीरपुर तथा जनसंपर्क विभाग, शिमला के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में एड्स जागरूकता अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को एचआईवी/एड्स के कारणों, बचाव के उपायों, सुरक्षित व्यवहार तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए जागरूक करना रहा।
कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एड्स से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण संदेशों को सरल, प्रभावशाली एवं मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी विद्यार्थियों को एड्स के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं सही जानकारी प्राप्त करें और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो. अनिल शर्मा, प्रो. संजय शर्मा, प्रो. नंदलाल एवं डॉ. राम सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. श्रुति कुमारी, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर नेगी, राष्ट्रीय कैडेट कोर के अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. विनोद कुमार, सड़क सुरक्षा क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर, रोवर प्रमुख प्रो. कमलेश महाजन, रेंजर प्रमुख प्रो. निकिता गुप्ता तथा नशा विरोधी अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस सोसायटी, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा रोवर-रेंजर इकाइयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए एड्स जागरूकता का संदेश आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी, त्रिवेणी कला संगम हमीरपुर तथा जनसंपर्क विभाग शिमला का कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।