जालंधरः फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में शनिवार देर रात से दुष्कर्म की एक खबर के बाद भारी हंगामा हो गया था। छात्र कैंपस से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए और जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इसके बाद रविवार रात तक तोड़फोड़ और आगजनी का भयावह दौर चला। जिसके बाद पुलिस एक्सन मोड में आ गई है।
View this post on Instagram
पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिये LPU के हास्टल की 17 और 24 तारीख की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस LPU के हॉस्टल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटनाओं के दौरान वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और किस तरह की गतिविधियां हुईं।
DGP गौरव यादव खुद पहुंचे LPU
छात्रों के प्रदर्शन और कैंपस में बने तनावपूर्ण माहौल के बीच पंजाब के DGP गौरव यादव खुद LPU पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरे हालात का जायजा लिया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। DGP ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिंसा करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
दोषी पाए जाने वालों पर होगी कार्रवाई
DGP गौरव यादव ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी दोषी व्यक्ति को उसकी पहचान या प्रभाव के आधार पर कोई छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं।
छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के बीच होगी बैठक
DGP ने बताया कि छात्रों और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के बीच दोबारा बैठक होगी। उन्होंने कहा कि जो छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं और मांगें सामने रख रहे हैं, उनकी बात सुनी जाएगी। छात्रों की समस्याओं को यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के सामने रखने और बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने की बात भी कही गई है।
पुलिस और मीडिया की गाड़ियों पर हुआ पथराव
पुलिस के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और मीडिया की गाड़ियों पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा तोड़फोड़ की घटनाओं की भी पुलिस जांच कर रही है। इन घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश
DGP ने पुलिस कमिश्नर और SSP को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति कानून तोड़ने का दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस अब प्रदर्शन, तोड़फोड़ और हिंसा से जुड़ी घटनाओं के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि के किसी खबर या जानकारी को आगे न बढ़ाएं। DGP ने मीडिया से भी अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि जरूर की जाए, ताकि स्थिति और ज्यादा न बिगड़े।
LPU में हुए पूरे घटनाक्रम के बाद अब पुलिस की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की तस्वीर साफ करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।