बद्दी,सचिन बैंसल: नगर निगम बद्दी की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मैक्स अस्पताल चंडीगढ़ से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान 70से अधिक सफाई कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। शिविर में कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।
नगर निगम आयुक्त विवेक चंदेल ने बताया कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिनभर सफाई व्यवस्था में जुटे रहने के कारण उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम की ओर से भविष्य में हर तीन माह बाद सफाई कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी कर्मचारी में गंभीर बीमारी के लक्षण सामने आते हैं तो नगर निगम उसकी आवश्यक मदद करेगा, ताकि समय पर उसका उपचार कराया जा सके।
मैक्स अस्पताल चंडीगढ़ की चिकित्सक टीम ने भी सफाई कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। अस्पताल की ओर से बताया गया कि यदि किसी कर्मचारी को गंभीर बीमारी के उपचार की आवश्यकता पड़ती है तो उसे अस्पताल में 20 फीसदी तक की छूट उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर के दौरान चिकित्सकों ने कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और आवश्यक जांच के साथ आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया। निगम की इस पहल से सफाई कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने के साथ बीमारी का समय रहते पता लगाने में भी मदद मिलेगी।