ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना सदर ऊना के तहत डठवाड़ा में खेत की बाड़ से लकड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौच और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विवेक शर्मा निवासी डठवाड़ा, तहसील व जिला ऊना ने बताया कि 25 सितंबर को करीब 11 बजे वह डठवाड़ा में अपने खेत में था। इसी दौरान ठेकेदार के मजदूर चंद्रशेखर और कविया उसके खेत की बाड़ से लकड़ी निकाल रहे थे। जब उसने दोनों को ऐसा करने से मना किया तो आरोप है कि उन्होंने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की।
मारपीट में विवेक शर्मा को चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।