चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र की शक्ति बनाने के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं। खेलो इंडिया ने खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, फिट इंडिया ने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, स्किल इंडिया ने हुनर को अवसर से जोड़ा और स्टार्टअप इंडिया ने युवाओं में उद्यमिता की नई ऊर्जा पैदा की। इसी प्रकार, मुद्रा योजना और स्टैंड-अप इंडिया ने युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के रास्ते खोले हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को अंबाला शहर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के तहत आयोजित ‘नशा-मुक्त हरियाणा नमो मैराथन’ में बतौर मुख्य अतिथि हजारों की संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि नशा पहले शरीर को कमजोर करता है, फिर आत्मविश्वास को तोड़ता है, सपनों को छीनता है, परिवार की खुशियां बर्बाद करता है और धीरे-धीरे पूरे समाज को खोखला करता है। इसलिए आज अंबाला की सड़कों पर दौड़ता हुआ हर कदम केवल एक दूरी तय नहीं कर रहा, बल्कि हर कदम नशे से दूरी और जीवन से जुड़ने का संदेश दे रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर सभी को विश्वकर्मा दिवस की बधाई भी दी। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “दौड़ो सपनों के लिए, दौड़ो सफलता के लिए, दौड़ो नशा-मुक्त हरियाणा के लिए। हरियाणा जीतेगा, नशा हारेगा।”प्रसिद्ध कलाकार अमित सैनी रोहतकिया ने अपने गीतों के माध्यम से युवाओं में जोश भरने का काम किया। जिला प्रशासन की ओर से मैराथन में शामिल प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित भी किया गया।