प्रयागराजः उत्तर प्रदेश में लखनऊ से प्रयागराज जा रही इंटर सिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 30 बकरियों की मौत हो गई। दरअसल, बकरियां चरा रही महिलाओं ने ट्रेन आती देख उन्हें भगाने का प्रयास किया, लेकिन वे ट्रैक से बाहर नहीं जा सकीं। ऐसे में महिलाओं ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई। इस हादसे का 21 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। जो दिल दहलाने वाला है। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने मामले की जांच की। करीब 10 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। आरपीएफ मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना से पशुपालकों का काफी नुकसान हो गया।
हथिगवां के कृष्णा राम का पुरवा बिसहिया के पास रेलवे फाटक के समीप कुछ महिलाएं बकरियां चरा रहीं थीं। इस दौरान तेज बारिश भी हो रही थीं। बरसात होने पर महिलाएं उसे लेकर घर जा रही थीं। इस दौरान प्रयागराज-लखनऊ रेलवे लाइन पर अचानक लखनऊ से प्रयागराज को जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई। उसकी चपेट में आने से 30 बकरियों की कटकर मौत हो गई। गेटमैन की सतर्कता से तीनों महिलाओं की जान बच गई।
हादसे की जानकारी होने पर गांव के भी तमाम लोग आ पहुंचे। बकरियों को देख अशोक सरोज और होरी बिलख पड़े। दोनों पशुपालकों की आजीविका बकरियों के पालन पर निर्भर थी। एक साथ करीब 30 बकरियों की मौत से उन्हें आर्थिक झटका लगा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। घटना स्थल की जांच की। मृत बकरियों के शव को हटवाकर ट्रैक खाली कराया। करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को आगे रवाना कराया गया। एसएचओ हथिगवां सत्येंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से बकरियों की मौत हुई है। घटना की जांच की जा रही है।