चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट घोषणा में प्रोत्साहनों के वितरण में पारदर्शिता, और समयबद्धता के तहत, एमएसएमई निदेशालय और उद्योग एवं वाणिज्य निदेशालय की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 670 लाभार्थियों को कुल 311 करोड़ 25 लाख रुपये की पहली प्रोत्साहन राशि ई-कुबेर (कोषागार) के माध्यम से जारी की।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बजट प्रस्तुत करते हुए घोषणा की थी कि इन्वेस्ट हरियाणा पोर्टल पर आवेदन जमा करने और आवश्यक जांच पूरी होने के बाद पात्र प्रोत्साहन राशि का 50 प्रतिशत 7 कार्य दिवसों के भीतर अग्रिम रूप से जारी किया जाएगा। शेष 50 प्रतिशत पात्र प्रोत्साहन राशि आवेदन की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद 45 कार्य दिवसों के भीतर जारी की जाएगी।
इसके अलावा, प्लग एंड प्ले योजना के तहत 10 लाभार्थियों को 24.53 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। वहीं, आत्मनिर्भर टेक्सटाइल नीति के तहत 98 लाभार्थियों को 65.18 करोड़ रुपये, प्रोग्राम टू एक्सलरेट डेवलपमेंट फॉर एमएसएमई एडवांसमेंट (PADMA) के तहत 2 लाभार्थियों को 20.54 करोड़ रुपये और एमएसई क्लस्टर विकास कार्यक्रम (MSE CDP) के तहत एक क्लस्टर विकास के लिए 2.11 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है।