बददी,सचिन बैंसल: मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) एवं अतिरिक्त उपायुक्त सोलन के निर्देशानुसार विकास खण्ड पट्टा (जिला सोलन) के नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों के लिए नए ITI भवन पट्टा महलोग में 4-दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में कुल 157 वार्ड सदस्यों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रथम बैच 7 से 10 सितंबर में गुल्लरवाला, भटोली कलां, साईं, सौडी, हरिपुर संडोली, मंधाला, कालुझंडा और बरोटीवाला के 54 सदस्य, द्वितीय बैच (15 से 18 सितंबर) में बढ़लग, जाडला, घडसी, चंडी, दाडवा, कृष्णगढ, मंडेसर, जगजीतनगर और बुधार कनैता के 53 सदस्य; तथा तृतीय बैच (21 से 24 सितंबर) में पट्टानाली, कैंडोल, चडियार, भावगुडी, सूरजपुर, गोयला, ढकरियाणा, बाडियां और नालका पंचायतों के 50 सदस्य भाग ले रहे हैं। चार दिवसीय सत्रों के दौरान खण्ड विकास अधिकारी कुलदीप सिंह, कनिष्ठ अभियंता मनोज पुंडीर तथा पंचायत सचिवों द्वारा प्रतिनिधियों को 73वें संविधान संशोधन, प्रशासनिक ढांचे, बैठक संचालन, ग्राम सभा, ई-परिवार रजिस्टर, ऑनलाइन जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीकरण, बजट, वित्तीय प्रबंधन और निर्माण कार्यों के तकनीकी प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही, एनआरएलएम स्टाफ प्रिया सोनी द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं और गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कृषि, पशुपालन, बाल विकास (सी.डी.पी.ओ- धर्मपुर), तहसील कल्याण , पुलिस और अग्निशमन विभागों के सहयोग से न्यायिक कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक मुद्दों (नशा निवारण, पोस्को, घरेलू हिंसा अधिनियम), आपदा प्रबंधन, सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजीसी) तथा ई-ग्राम स्वराज, निर्णय व समर्थ जैसे महत्वपूर्ण ई-पोर्टलों के संचालन पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।