चंडीगढ़ः पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। विभाग की ओर से 3 थाना प्रभारियों और 9 पुलिस चौकी इंचार्ज के तबादले किए गए हैं। वहीं एक को पुलिस लाइन भेज दिया गया। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में से तीन को पहली बार थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग में हाल ही में सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर बने अधिकारियों में से रवदीप सिंह, चंद्रमुखी और नीरज कुमार को पहली बार थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले तीनों अधिकारी अलग-अलग पुलिस चौकियों में प्रभारी के तौर पर तैनात थे।

फेरबदल के बाद चंडीगढ़ पुलिस में थाना और चौकी स्तर पर कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। खास तौर पर हाल ही में प्रमोट होकर इंस्पेक्टर बने अधिकारियों को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने से उन्हें पुलिस स्टेशन स्तर पर काम करने का मौका मिलेगा। तबादलों के तहत सेक्टर-43 बस स्टैंड चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर रवदीप सिंह को अब पुलिस स्टेशन-39 का थाना प्रभारी लगाया गया है। वहीं, सेक्टर-17 बस स्टैंड चौकी की प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रमुखी को पुलिस स्टेशन-17 की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस चौकी-24 के प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार को पुलिस स्टेशन-34 का थाना प्रभारी बनाया गया है। पलसोरा पुलिस चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह का तबादला कर उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं, डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल में तैनात इंस्पेक्टर नवीन को पुलिस चौकी-61 का इंचार्ज लगाया गया है। तबादला सूची में कई सब इंस्पेक्टरों की तैनाती भी बदली गई है।
सुखना लेक चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार को अब सेक्टर-22 पुलिस चौकी का इंचार्ज बनाया गया है। आर्थिक अपराध शाखा में तैनात सब इंस्पेक्टर मोहन कश्यप को सेक्टर-17 की नीलम चौकी का प्रभारी लगाया गया है। पुलिस स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय दत्त को पंजाब यूनिवर्सिटी पुलिस चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर बबीता को बापूधाम पुलिस चौकी का इंचार्ज लगाया गया है।
साइबर सेल में तैनात सब इंस्पेक्टर राहुल भारद्वाज को सेक्टर-43 बस स्टैंड पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का तबादला कर उन्हें सेक्टर-24 पुलिस चौकी का इंचार्ज लगाया गया है। इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर बलजीत सिंह को सुखना लेक पुलिस चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेक्टर-39 पुलिस स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह को पलसोरा पुलिस चौकी का इंचार्ज लगाया गया है।