शिमलाः हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के बद्दी में नालागढ़–रामशहर सड़क मार्ग पर कुमारहट्टी के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह से बंद हो गई। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क का 100 मीटर हिस्सा करीब 15 फीट तक नीचे धंस गया है, जिसके कारण प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि बीते 12 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई और नाहन (सिरमौर) में सबसे अधिक 67.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। जोगिंदरनगर (मंडी) में 57.0 मिमी, नादौन (हमीरपुर) में 52.6 मिमी, जट्टों बैराज (सिरमौर) में 40.0 मिमी और भरवाईं (ऊना) में भी 40.0 मिमी, नैना देवी (बिलासपुर) में 34.2 मिमी और कटौला (मंडी) में 26.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 3 से 5 सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर भारी भूस्खलन हुआ था, जिससे सड़क को काफी नुकसान पहुंचा था। अब एक बार फिर भारी बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं और सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से नालागढ़–रामशहर मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भूस्खलन के कारण होमटाउन रिज़ॉर्ट के समीप स्थित चिकनी खड्ड भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है।
संभावित खतरे को देखते हुए सड़क के सामने स्थित बलबीर के मकान को एहतियातन खाली करवा दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र आहलुवालिया ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी सड़क धंस चुकी थी और इस बार करीब 15 फीट तक सड़क नीचे धंस गई है। स्थिति को देखते हुए सड़क को फिलहाल पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौके पर टीम तैनात की गई है।
पीडब्लयूडी और एनडीआरएफ की टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया जाएगा तथा स्थिति का जायजा लेने के बाद सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सिरमौर जिले में लगातार हो रही भारी मानसूनी बरसात के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऐसे में देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे (NH-07) का एक बड़ा हिस्सा भारी बारिश के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।हाईवे के टूटने से सड़क की स्थिति बेहद संवेदनशील बनी है, जिसे देखते हुए जिला व स्थानीय प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए इस मार्ग पर बड़ा ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है, हाईवे के प्रभावित हिस्से की हालत इतनी जर्जर है कि वहां से भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क के धंसने या किसी बड़े हादसे के होने की पूरी आशंका बनी है।