सीवनः थाना सीवन क्षेत्र में अड्डा के पास वीरवार को ट्रक की चपेट में आने से 2 बहनों की मौत हो जाने की खबर सामने आई है। दोनों छात्राएं स्कूल जा रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान गांव माड़ी निवासी गुरणदीप कौर (15) पुत्री भूपेंद्र सिंह और शरणदीप कौर (14) पुत्री जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों छात्राएं एक ही परिवार से बताई जा रही हैं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन में पढ़ती थी। गुरदीप कौर कक्षा 10वीं तथा नवनीत कौर कक्षा 9वीं की छात्रा थी।
दोनों छात्राएं घर से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक नंबर HR 63B-0737 की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्राओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना सीवन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल कैथल भिजवाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। दोनों छात्राओं की मौत की खबर गांव माड़ी में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।