जालंधर, ENS: एक्साइड विभाग और पुलिस की टीम ने थ्री व्हीलर ऑटो से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने ड्राइवर और अन्य व्यक्ति को काबू कर लिया है और ऑटो को जब्त करके थाने ले गई। ड्राइवर की पहचान संजू पुत्र रूप लाल, निवासी गुरुदेव नगर और प्रिंस पुत्र रजनीत सिंह, निवासी बस्ती पीर दाद, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एक्साइज विभाग की टीम के साथ मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
दरअसल, आज सुबह जालंधर-कपूरथला रोड पर जालंधर कुंज के पास उनकी टीम ने नाका लगाया हुआ था। इस दौरान असिस्टेंट कमिश्नर (आबकारी), जालंधर रेंज-II, डॉ. हरसिमरत कौर ग्रेवाल के निर्देशों पर आबकारी इंस्पेक्टर मंजीत सिंह ढिंडसा के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि नाके के दौरान ऑटो चालक का थोड़ी दूरी पर पीछा करके ऑटो नंबर PB08-FM-4108 को रोका गया।
जिसके बाद ऑटो की तलाशी ली गई। तालाशी के दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि बरामद सभी बोतलों से ‘ट्रैक एंड ट्रेस’ होलोग्राम हटा दिए गए थे। ऑटो से बरामद की गई पंजाब किंग व्हिस्की के 12 पेटी (144 बोतलें), जिन पर “पंजाब में बिक्री के लिए” लिखा था। वहीं पंजाब किंग व्हिस्की के 13 पेटी (650 निप्स) बरामद की गई। ऐसे में पुलिस ने दोषियों के कब्जे से 794 बोतलें बरामद की है। वहीं दोनों दोषियों को गिरफ्तार करके एफआईआर दर्ज की जा रही है।