जालंधर, ENS: नूरमहल के मोहल्ला खटिका में लापता नौजवान का झाड़ियों से शव बरामद हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय नौजवान 4 से 5 दिनों से लापता था। मृतक की पहचान 22 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। युवक के लापता होने की शिकायत परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई थी। हालांकि पुलिस द्वारा नौजवान की तालाश की जा रही थी, लेकिन आज गांव भंडल हिम्मत रोड के पास बकर खाना के पीछे झाड़ियों से नौजवान का शव मिला।
स्थानीय लोगों ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। शव मिलने के बाद पता चला कि कुत्तों ने उसके शरीर का कुछ हिस्सा खा लिया था। मिली जानकारी के अनुसार, आकाश बचपन से ही अपने ननिहाल में रह रहा था। वह मोहल्ला खटिका निवासी सोहन लाल का नाती था। बताया जा रहा है कि मानसिक रूप से परेशान था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि आकाश के घर से लापता होने पर उसकी 5 दिनों से तलाश की जा रही थी।
वहीं जांच अधिकारी एएसआई सुभाष चंद्र ने बताया कि आकाश मानसिक रूप से ठीक नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मृतक के परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिल्लौर भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।