मोहाली: रक्षाबंधन के पावन त्योहार वाले दिन एक बहन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब 23 वर्षीय परमप्रीत सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। परमप्रीत राखी बंधवाने के लिए अपने गांव मछली कलां जा रहा था। पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, परमप्रीत उनके साले का बेटा था और पिछले कुछ समय से दरिया, चंडीगढ़ में उनके पास रहकर नौकरी कर रहा था। वह अकेला रहता था।
रक्षाबंधन वाले दिन वह सुबह मोटरसाइकिल पर गांव के लिए निकला था। परिवार को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के आसपास कोई अज्ञात वाहन अचानक उसके सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में परमप्रीत ने तेज ब्रेक लगाई, जिस कारण मोटरसाइकिल बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। उसे सिविल अस्पताल मोहाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने पुलिस से हादसे वाली जगह के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि सीसीटीवी जांच के बाद ही हादसे की असली सच्चाई सामने आ सकेगी।