जालंधर/मोहाली: गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव के मौके पर, पंजाब सरकार पूरे राज्य में लगभग 92 रोड शो आयोजित करेगी; इसके अलावा, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं (बानी) को समर्पित एक विशेष अध्ययन केंद्र के लिए सचखंड डेरा बल्लां को 10 एकड़ ज़मीन आवंटित की गई है, और सरकार ने इस केंद्र के निर्माण के लिए ₹25 करोड़ मंज़ूर किए हैं। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सोंध ने आज इस बारे में जानकारी सांझी की। उन्होंने कहाकि राज्य सरकार ने डेरा बल्लां के समीप फरीदपुर और नौं गजां गांवों में 10 एकड़ जमीन खरीदी है, जहां गुरु रविदास महाराज जी की बाणी अध्ययन सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
इस केंद्र में पीएचडी स्तर तक की शिक्षा और शोध की सुविधा होगी, जिसका उद्देश्य गुरु साहिब की बाणी और दर्शन को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करना है। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सोंध ने बताया कि इस अध्ययन सेंटर को एक विश्व स्तरीय शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां लगभग 500 छात्र एक साथ बाणी पर शोध और अध्ययन कर सकेंगे। इस सेंटर से बड़ी संख्या में स्कॉलर्स (विद्वान) निकलेंगे जो गुरु रविदास जी के शांति और समानता के संदेश को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाएंगे।