लुधियानाः पंजाब के आर्यन गुप्ता ने नीट-यूजी 2026 में देशभर में टॉप किया। लुधियाना के 17 वर्षीय आर्यन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 715 अंक हासिल किए और ऑल इंडिया रैंक-1 अपने नाम कर ली। आर्यन की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे पंजाब में खुशी का माहौल है। वहीं पंजाब का मान बढ़ाने वाले आर्यन गुप्ता के घर सीएम भगवंत मान पहुंचे, जहां सीएम मान ने आर्यन गुप्ता और उसके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान सीएम मान ने आर्यन की उपलब्धि को राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि एनटीए द्वारा घोषित नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम के परिणामों में देशभर के लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिनमें कुल 11.21 लाख उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करना किसी भी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आर्यन गुप्ता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि लुधियाना के इस युवा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती। उन्होंने कहा कि आर्यन की यह सफलता लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने का हौसला देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्यन ने यह सिद्ध कर दिया है कि मेहनत और लगन के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है। उनकी यह शानदार उपलब्धि पूरे पंजाब का गौरव बढ़ाने वाली है।