कार्यकर्ता मीनाक्षी राणा ने जूस पिलाकर खत्म किया आंदोलन
ऊना(सुशील पंडित): महाविद्यालय में पिछले 13 दिनों से चल रही विद्यार्थी परिषद की भूख हड़ताल बुधवार को 14वें दिन खत्म हो गई। पूर्व विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता मीनाक्षी राणा ने भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ता को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। विद्यार्थी परिषद की ओर से छात्रों की मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जा रही थी।
आंदोलन के बीच कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्रों की कुछ मांगों पर सहमति जताई गई है। प्रशासन ने कॉलेज में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग मान ली है। वहीं फीस वृद्धि को लेकर विद्यार्थी परिषद 50 प्रतिशत कटौती की मांग कर रही थी, जबकि 20 प्रतिशत कटौती पर सहमति बनने की बात सामने आई है। हालांकि विद्यार्थी परिषद का कहना है कि छात्रों को कम से कम 50 प्रतिशत फीस राहत मिलनी चाहिए। संगठन ने कहा कि मांगों पर कुछ राहत मिलने के बाद फिलहाल भूख हड़ताल समाप्त की गई है।
वहीं, मंगलवार को कॉलेज परिसर में हुई धक्का-मुक्की के मामले को लेकर भी विवाद बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, कॉलेज प्रशासन की ओर से विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दी गई है और एफआईआर दर्ज होने की बात भी सामने आ रही है हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस के पास केवल शिकायत दी गई है या एफआईआर दर्ज की गई है।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनके किसी भी कार्यकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है तो संगठन दोबारा आंदोलन शुरू करेगा और जरूरत पड़ी तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे छात्रों की मांगों को लेकर कॉलेज प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा से मिलने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को कॉलेज में बुलाया गया और उन्हें प्राचार्य से मिलने से रोका गया, जिसके बाद हल्की धक्का-मुक्की हुई।
विद्यार्थी परिषद ने साफ किया है कि यदि केवल शिकायत दी गई है तो अलग बात है, लेकिन यदि एफआईआर दर्ज की जाती है तो संगठन इसका कड़ा संज्ञान लेगा। फिलहाल मामले में पुलिस और कॉलेज प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।