फिरोजपुरः काउंटर इंटेलिजेंस ने बीएसएफ के साथ मिलकर एक ज्वाइंट ऑपरेशन में सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम किया है। ऑपरेशन के तहत 44.5 किलो हेरोइन और 3 किलो आइस ड्रग बरामद की है।
सीआई फिरोजपुर से मिली जानकारी के आधार पर गांव गजनीवाला के खेतों में बीएसएफ के साथ मिलकर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके दौरान तस्करी का बड़ा सामान बरामद हुआ। इस दौरान टीम को 44 किलो हेरोइन और 3 किलो ड्रग आइस मिली है। सीमा पार तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन का पता लगाने और सीमा पार के हैंडलर्स से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है। सीमा पर कड़ी निगरानी रखने और सीमा पार तस्करी व नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आइजी काउंटर इंटेलिजेंस अशिष चौधरी ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि सीमा पार से इतनी बड़ी नशे की खेप किसने भेजी थी और भारत में इसे प्राप्त करने के लिए कौन-कौन लोग सक्रिय थे। पुलिस खेप के संभावित रिसीवर और सीमा पार बैठे हैंडलरों की पहचान करने के लिए भी जांच कर रही है।