गुरदासपुर: जिले के श्री हरगोबिंदपुर के अधीन आते गांव रंगड़ नंगल में देर रात एक आढ़ती के घर पर पेट्रोल बम फेंकने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिल सवार नौजवानों ने घर को निशाना बनाया और पेट्रोल बम फेंकने के बाद गोलियां भी चलाईं। जानकारी के अनुसार, घर के मालिक गुरजीत सिंह पुत्र शिंगारा सिंह आढ़त का काम करते हैं। वह कुछ दिन पहले अपने बच्चों के साथ विदेश गए हुए हैं। घर में एक कर्मचारी मौजूद था।
रात करीब 1 बजे हुआ धमाका
घर में काम करने वाले व्यक्ति के मुताबिक, रात करीब 1 बजे Batala से Jalandhar रोड की तरफ से अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके साथ ही गोलियां चलने की आवाज भी सुनाई दी। घटना के बाद उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
दो बाइक सवारों ने फेंका पेट्रोल बम
सूचना मिलने पर थाना रंगड़ नंगल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि महिता वाली साइड से दो मोटरसाइकिल सवार नौजवान आए थे। उन्होंने कोठी के ऊपर पेट्रोल बम फेंका और इसके बाद दो फायर किए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी महिता वाली साइड की ओर फरार हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग करने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।