जालंधरः कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को रेस्क्यू किया है, जबकि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर रविंदर कुमार, मुख्य अफसर थाना डिवीजन नंबर-7 को गुप्त सूचना मिली थी कि जालंधर स्थित A ONE SPA AND SALOON में स्पा सेंटर की आड़ में बाहर से लड़कियों/महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का धंधा करवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार महिलाओं को रेस्क्यू किया।
पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ Immoral Traffic (Prevention) Act, 1956 की धारा 3, 4 और 7 तथा BNS की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, A ONE SPA AND SALOON के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर में इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।