गुरदासपुरः पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी आज गुरदासपुर पहुंचे और खुले दरबार के दौरान लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया गया। चेयरमैन ने कहा कि आयोग अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को न्याय और उनके अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पत्रकारों से बातचीत में जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि आयोग के पास पहले से कई शिकायतें लंबित थीं, जिनमें से अधिकांश का निपटारा किया जा चुका है। खुले दरबार में कुछ नई शिकायतें भी सामने आईं, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजकर तत्काल कार्रवाई करवाई गई। जसवीर सिंह बोले- जरूरतमंद लोगों के हितों के मद्देनजर आयोग का गठन हुआ है
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जरूरतमंद लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए पंजाब अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया है। आयोग का उद्देश्य पीड़ित लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करना और उन्हें राहत दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खुले दरबार में काहनूवान में निशानदेही, मलिकपुर में जमीन विवाद, बटाला में गंदे पानी की निकासी, डेरा बाबा नानक में जमीन रिकॉर्ड और कल्याणपुर में छप्पड़ पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें आईं। इसके अलावा काहनूवान में निजी बैंक से लेन-देन, खुंडा में जानलेवा हमले और दीनानगर सहित अन्य क्षेत्रों से संबंधित मामले भी सामने आए। चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि आयोग जरूरतमंदों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।