महोबाः उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां खजुराहो से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 26505 खजुराहो से वाराणसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान महोबा में किड़ारी रेलवे फाटक के पास अचानक एक सांड रेलवे ट्रैक पर आ गया। ट्रेन अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी, इसलिए लोको पायलट के प्रयास के बावजूद ट्रेन सांड से टकरा गई।
टक्कर से ट्रेन के अगले हिस्से को नुकसान
सांड से टक्कर के बाद वंदे भारत ट्रेन के आगे के हिस्से में नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद ट्रेन को करीब शाम 4 बजकर 26 मिनट पर रोक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही महोबा जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। हादसे के बाद ट्रेन के आगे के हिस्से की जांच की गई। मौके पर जरूरी मरम्मत का काम भी किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा।
करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को किया गया रवाना
जांच और जरूरी कार्रवाई के बाद करीब 4 बजकर 35 मिनट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के दौरान ट्रेन में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। किसी यात्री के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे का वीडियो आया सामने
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वंदे भारत ट्रेन रेलवे ट्रैक पर खड़ी दिखाई दे रही है और ट्रेन के अगले हिस्से में टक्कर के कारण हुआ नुकसान साफ नजर आ रहा है। कुछ समय बाद मरम्मत और जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।
रेलवे ट्रैक पर पशुओं की आवाजाही पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास घूमने वाले आवारा पशुओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे ट्रैक पर अचानक पशु आने से ट्रेन हादसे का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि इस मामले में राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया। फिलहाल रेलवे और जीआरपी की टीम मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सांड रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा।

