बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल और उनकी लंबे समय से पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियड्स ने अपनी शादी को आधिकारिक तौर पर रजिस्टर करा लिया है। दोनों ने गोवा में राज्य के यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार को दोपहर करीब 4 बजे अर्जुन और गैब्रिएला नॉर्थ गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे। इस दौरान दोनों बेहद सिंपल और कैजुअल कपड़ों में नजर आए। उनके साथ कुछ करीबी दोस्त भी मौजूद थे। मापुसा के सब-रजिस्ट्रार सूरज वर्नेकर ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला की शादी गोवा के UCC नियमों के तहत रजिस्टर की गई है।
लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में थे अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला साल 2018 से एक-दूसरे के साथ हैं। दोनों ने कई साल तक शादी किए बिना लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर अपना रिश्ता आगे बढ़ाया। दिसंबर 2025 में दोनों ने अपनी सगाई की जानकारी दी थी। इसके बाद से ही फैंस उनकी शादी का इंतजार कर रहे थे।
अर्जुन ने रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में भी गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई की पुष्टि की थी। पॉडकास्ट के ट्रेलर में दोनों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर की गई थी।
दो बेटों के माता-पिता हैं अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला के दो बेटे हैं। उनके बड़े बेटे अरिक का जन्म साल 2019 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे अराव का जन्म 2023 में हुआ। दोनों अक्सर अपने बच्चों के साथ नजर आते हैं। हालांकि, अर्जुन और गैब्रिएला अपनी निजी जिंदगी को मीडिया से काफी हद तक दूर रखना पसंद करते हैं।
गैब्रिएला का जन्म और पालन-पोषण साउथ अफ्रीका में हुआ है। उन्होंने सिर्फ 16 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी। बाद में उन्होंने फैशन डिजाइन की पढ़ाई की और फैशन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई।
अर्जुन रामपाल की यह दूसरी शादी है
गैब्रिएला से शादी से पहले अर्जुन रामपाल ने पूर्व सुपरमॉडल और एंटरप्रेन्योर मेहर जेसिया से शादी की थी। दोनों ने साल 1998 में शादी की थी। इस शादी से अर्जुन और मेहर की दो बेटियां हैं—माहिका और मायरा।
साल 2018 में अर्जुन और मेहर ने अलग होने का फैसला लिया था। दोनों ने उस समय कहा था कि यह फैसला आपसी सहमति और एक-दूसरे के प्रति सम्मान के साथ लिया गया है। इसके बाद साल 2019 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद भी अर्जुन ने कई बार कहा है कि वह और मेहर अपनी बेटियों की परवरिश मिल-जुलकर और अच्छे तरीके से कर रहे हैं।
अब गैब्रिएला बनीं अर्जुन की पत्नी
कई साल तक साथ रहने और दो बच्चों के माता-पिता बनने के बाद अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रियड्स ने अब अपने रिश्ते को कानूनी रूप से भी आधिकारिक कर दिया है। गोवा में UCC के तहत हुई यह रजिस्टर मैरिज उनके रिश्ते में एक नए अध्याय की शुरुआत है।

