गुरदासपुरः जेलों में सजा पूरी करने के बावजूद लंबे समय से कैद बंदी सिखों की रिहाई और बीती 15 अगस्त को शांतिपूर्ण विरोध मार्च कर रही संगत पर सरकार द्वारा किए गए अत्याचार के विरोध में ‘राष्ट्रीय न्याय मोर्चा’ (कौमी इंसाफ मोर्चा) द्वारा 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। वहीं पंजाब बंद की कल के बाद गुरदासपुर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी-डी मनोज कुमार ने बताया कि बंद की कल को लेकर पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में शांतिमय ढंग से पंजाब बंद को लेकर 200 पुलिस जवान सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 7:00 से दोपहर 2:00 बजे तक पूरा शहर बंद रहेगा। पंजाब बंद को लेकर एसपी-डी ने लोगों से अपील की है कि वह शांति बनाकर रखें।
वहीं शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के गुरदासपुर से हलका इंचार्ज इंद्रपाल सिंह बैंस ने भी लोगों से अपील की है कि कल गुरदासपुर जिले को बंद रखा जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे लेकिन स्कूल कॉलेज और और बैंक बंद रहेंगे। नेशनल हाईवे को बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल अध्यक्षों से भी उनकी बात हो चुकी है वह भी बंद की कॉल को लेकर उनका समर्थन करेंगे।

